बिलासपुर अरविंद मिश्रा शिव तिवारी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवक ने दीनदहाड़े अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। लड़की ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे परेशान होकर युवक उससे मिलने घर गया था। इस दौरान लड़की ने कह दिया कि वो किसी दूसरे लड़के को चाहती है। इतना सुनते ही युवक ने उसके पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
टीआई तोप सिंह नवरंग ने बताया कि चांटीडीह कुंदरूपारा में रहने वाला अजय साहू (18) मेडिकल स्टोर में काम करता था। मोहल्ले की ही 17 साल की लड़की प्रियंका देवांगन से उसकी दोस्ती थी। दोनों के बीच दो साल से प्रेम प्रसंग भी था। पिछले कुछ समय से लड़की ने उससे बातचीत और मिलना भी बंद कर दी थी।
समझाने पहुंचा घर, नहीं मानी तो मार डाला
बताया जा रहा है कि लड़की के माता-पिता रोजी-मजदूरी करते हैं। शुक्रवार की सुबह वो काम पर निकले थे। तभी सुबह 9 बजे सागर साहू अपनी प्रेमिका प्रियंका को मनाने उसके घर गया था। इस दौरान दोनों बैठकर बात कर रहे थे। तभी उनके बीच विवाद शुरू हो गया। फिर देखते ही देखते सागर ने अपने पास रखे चाकू निकाल लिया और प्रियंका के पेट में वार कर दिया। खून से लथपथ प्रियंका जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी प्रेमी बोला- मेरी नहीं तो किसी और की होने नहीं दूंगा
बताया जा रहा है कि लड़की ने सागर साहू से ब्रेकअप कर ली थी, जिसके बाद वो किसी दूसरे लड़के से बातचीत कर रही थी। बातचीत के दौरान उसने अपने प्रेमी सागर को ये सारी बातें बता दी और बोली कि अब वो दूसरे लड़के से प्यार करती है। इतना सुनते ही सागर तिलमिला गया। उसने चाकू से हमला करते हुए बोला कि अब तू मेरी नहीं हो सकती तो मैं तुझे किसी और की होने नहीं दूंगा। फिलहाल, पुलिस आरोपी सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।









