मुंगेली पथरिया अरविंद मिश्रा शिव तिवारी


पी.एस. बेदी के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित
37 वर्षों की उत्कृष्ट शिक्षकीय सेवा को किया गया नमन
पथरिया – शिक्षा क्षेत्र में चार दशकों तक अपने समर्पण और सेवा से छात्रों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले वरिष्ठ शिक्षाधिकारी पी.एस. बेदी के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में एक गरिमामय विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह शैक्षिक समन्वयक संघ के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें विकासखण्ड से शिक्षा विभाग के अधिकारी, समन्वयक एवं शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री बेदी ने अपने उद्बोधन में कहा, “अपने पूरे शिक्षकीय जीवन में मैंने बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें सफल बनाने का प्रयास किया। जिन भी विद्यालयों में कार्यरत रहा, उन्हें व्यवस्थित करने और बच्चों को सही मार्गदर्शन देने का भरपूर प्रयास किया। हर चुनौती को धैर्यपूर्वक स्वीकार करते हुए सफलता प्राप्त की।”
उन्होंने मुंगेली, लोरमी, पण्डरिया, पथरिया, बिल्हा एवं भाटापारा जैसे अंचलों में शिक्षा अधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव “छात्र हित और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा दी।”
समारोह में उपस्थित रविपाल राठौर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पथरिया ने श्री बेदी के सरल, सौम्य व्यवहार और प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि “श्री बेदी जैसे अधिकारियों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है, जिन्होंने सेवा को कर्म और छात्रों की उन्नति को धर्म समझा।”
सूर्यकांत उपाध्याय, विकासखंड समन्वयक, मुंगेली एवं पूर्व विकासखंड समन्वयक, पथरिया ने श्री बेदी के शांतचित्त व्यवहार और समावेशी सोच की चर्चा करते हुए कहा, “उनके साथ कार्य करना एक सौभाग्य रहा, वे निर्णयों में संतुलन और व्यवहार में आत्मीयता रखते हैं।”
उन्होंने अपने कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए श्री बेदी के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को एन.आर. ध्रुव, अशोक यादव (विकासखंड समन्वयक), मोहित खांडेय एवं बल्दाऊ कौशिक ने भी संबोधित किया। सभी ने श्री बेदी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर पी.एस. बेदी को अभिनंदन पत्र, शाल, श्रीफल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, सूर्यकांत उपाध्याय को भी उनके मुंगेली विकासखण्ड स्थांतरित होने पर शाल, श्रीफल और मोमेंटो भेंट कर विदाई दी गई।
अभिनंदन पत्र का वाचन वरिष्ठ सीएसी भगवती प्रसाद मिश्र के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अमित गेन्दले ने कुशलता से किया, जबकि आभार प्रदर्शन महेंद्र ठाकुर द्वारा किया गया।
इस विशेष अवसर पर उत्तम सिंह सोलंकी, संजय त्रिपाठी, दयाराम यादव, गजानन सिंगरौल,रामसाय कुर्रे,परमेश्वर पटेल, महेंद्र खरे, रितेश सिंगरौल, मोहन कश्यप, राकेश टण्डन, सतीश रात्रे,रेखराम राजपूत, देवेन्द्र साहू, लक्ष्मीनारायण कोशले, विनोद कोशले, रमेश कश्यप, सुरेन्द्र लहरे, अश्वनी जगत, शैलेन्द्र सोनवानी, दिनेश बघेल सहित पथरिया विकासखंड के समन्वयक, विकासखंड स्रोत केंद्र, एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समस्त अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम न केवल पी.एस. बेदी जी की समर्पित सेवा का सम्मान था , बल्कि यह भावी पीढ़ी के शिक्षकों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी सिद्ध हुआ।









