Bilaspur arvind mishra shiv tiwari


आबकारी कर्मचारियों पर मारपीट और अवैध वसूली के गंभीर आरोप, महिला ने कलेक्टर से की शिकायत

बिलासपुर | 20 जनवरी 2026
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुटेला की रहने वाली एक महिला ने आबकारी विभाग के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि आबकारी विभाग की टीम ने बिना किसी वैध कारण उसके घर में जबरन प्रवेश कर मारपीट की, परिजनों को हिरासत में लिया और अवैध रूप से पैसों की मांग की।
शिकायतकर्ता बुधवारा बाई धृतलहरे (उम्र लगभग 50 वर्ष) ने अपने आवेदन में बताया कि 20 जनवरी की सुबह करीब 6:30 बजे आबकारी वृत्त बिलासपुर की टीम चार पहिया वाहन से उनके घर पहुंची। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर विश्राम कर रहे थे। आरोप है कि टीम ने घर के आंगन की दीवार कूदकर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन कोई भी अवैध शराब या मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
बेटे को जबरन ले जाने और कार्यालय में मारपीट का आरोप
महिला का आरोप है कि तलाशी के दौरान उसके बेटे दीपक कुमार धृतलहरे को जबरन घर से उठा ले जाया गया। बाद में जब वह आबकारी कार्यालय पहुंची, तो वहां उसके साथ और उसके पुत्रों के साथ मारपीट की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आबकारी निरीक्षक द्वारा दो लाख रुपये की मांग की गई और रकम न देने पर अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें कार्यालय से भगा दिया गया।
झूठे प्रकरण में फंसाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके दोनों बेटों के खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। इसके साथ ही आबकारी कर्मचारी बार-बार उसके घर दबाव बनाने के लिए पहुंच रहे हैं।
अवैध शराब बिक्री में संलिप्तता का भी आरोप
आवेदन में महिला ने यह गंभीर आरोप भी लगाया है कि संबंधित आबकारी कर्मचारी स्वयं देशी और कच्ची शराब की अवैध बिक्री से कमीशन प्राप्त कर रहे हैं, और इसी आड़ में ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है।
एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़िता ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित आबकारी कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रति पुलिस कार्यालय में प्राप्त हो चुकी है।
फिलहाल इस मामले में आबकारी विभाग या कलेक्टर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
–









