Bilaspur arvind mishra shiv tiwari

मितानिन कर्मचारियों ने नियमितीकरण की मांग उठाई, सरकार से वादा पूरा करने की अपील
बिलासपुर। मितानिन और मितानिन प्रशिक्षक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार से नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है। कर्मचारियों द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार ने अपने घोषणा पत्र और “मोदी की गारंटी” के तहत मितानिन कार्यक्रम के नियमितीकरण का वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार, वर्तमान में मितानिन कार्यक्रम ठेकेदारी व्यवस्था के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इस व्यवस्था को समाप्त कर कार्यक्रम को नियमित किया जाए, ताकि मितानिनों और प्रशिक्षकों को रोजगार की सुरक्षा मिल सके तथा स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
कर्मचारियों ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत प्रदेश में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं। ऐसे में लगभग 72 हजार मितानिन और 3250 मितानिन प्रशिक्षकों को भी नियमित सेवा का लाभ मिलना चाहिए।
प्रेस विज्ञप्ति में सरकार से मांग की गई है कि घोषणा पत्र में किए गए वादों को जल्द पूरा करते हुए मितानिन कार्यक्रम का नियमितीकरण किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि इससे उनके भविष्य को सुरक्षा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
फिलहाल इस मांग को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब यह देखना होगा कि सरकार मितानिन कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लेती है।

